हरिद्वार। उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलसचिव को लेकर छात्रों में दो फाड़ हो गए हैं। छात्र संघ के अध्यक्ष रविंद्र नौटियाल समर्थकों ने कुलसचिव पर छात्रों के साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए क्रमिक अनशन शुरू कर दिया। वहीं पूर्व छात्र संघ अनूप बहुखंडी समर्थकों ने इसका विरोध किया।
छात्र संघ के अध्यक्ष रविंद्र नौटियाल का कहना है कि विवि प्रशासन छात्रों की मांगों को लेकर गंभीर नहीं है। जब छात्र अपनी मांगों को लेकर कुलसचिव के पास पहुंचे तो उनके साथ अभद्रता की गई। छात्र तीन महीने से 22 सू्त्री मांगों को लेकर संघर्षरत हैं। बावजूद इसके छात्रों की मांगों पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। जिसके चलते छात्रों को आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ा। इस दौरान एबीवीपी संस्कृत इकाई के प्रदेश प्रमुख विकास जोशी, विभाग संगठन मंत्री योगेश विद्यार्थी, छात्र संघ की महासचिव विशाखा गौड़, मोहित कुमार, प्रतीक शर्मा, रोहित तिवारी, गौरव जोशी, लोकेंद्र, प्रदीप डिमरी, सोनिया, गीत, योगेश, भुवन पंत आदि मौजूद थे। वहीं पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष अनूप बहुखंडी और पूर्व महासचिव ललित शर्मा समर्थकों ने क्रमिक अनशन का विरोध किया। उन्होंने कहा कि कुलसचिव को बिना वजह निशाना बनाकर विवि का शैक्षणिक माहौल खराब किया जा रह है।