ब्यूरो/अमर उजाला, मसूरी
पर्यटन नगरी की शांत वादियों में इन दिनों एक टीवी चैनल के लिए सीरियल की शूटिंग चल रही है। सिनेवेस्टा के प्रोडक्शन इंचार्ज विशाल ने बताया कि मसूरी में पांच दिनों तक शूटिंग चलेगी। फिलहाल यहां हाथी पांव रोड स्थित एक होटल में हम टीवी सीरियल ‘बेपनाह’ शूट कर रहे हैं। विशाल ने बताया कि मसूरी से पुराना नाता है। सिनेवेस्टा के कई सीरियलों की शूटिंग मसूरी में हो चुकी है। उन्होंने बताया बेपनाह रोमांस से भरा सीरियल है, जिसमें जेनिफर विंगेट, हर्षद चोपड़ा और शबाना आजमी प्रमुख कलाकार हैं। सीरियल के निर्देशक अनिरुद्ध हैं। वहीं, प्रोड्यूसर पंकज शर्मा का कहना है कि उत्तराखंड शूटिंग के लिहाज से बेहद सुंदर है। शूटिंग के लिए प्रदेश सरकार भी पूरा सहयोग कर रही है। उन्होंने बताया कि मुंबई से यहां बार-बार आना संभव नहीं हो पाता। लिहाजा अगर प्रदेश सरकार वहां से कनेक्टिविटी बढ़ाए तो और लोग भी यहां के शूटिंग के प्रति आकर्षित होंगे।