ब्यूरो/अमर उजाला, मसूरी
पालिका सभासद एवं युवा कांग्रेस के विधानसभा अध्यक्ष अनुज गुप्ता ने पालिकाध्यक्ष पर नगर पालिका परिषद के धन के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि आगामी 30 मार्च को पालिका का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। इससे पहले पालिकाध्यक्ष ऐसे कार्यों में धन का दुरुपयोग कर रहे हैं, जिनका कोई औचित्य नहीं है। केवल वोट बैंक की राजनीति के लिए जनता को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने प्रदेश सरकार से पालिका के कार्यों की जांच की मांग की है।
अनुज गुप्ता ने मंगलवार को पत्रकार वार्ता कर कहा कि आवारा कुत्तों की संख्या पर लगाम लगाने के लिए टिहरी बाईपास के समीप एबीसी सेंटर का निर्माण 70 लाख रुपये से कराया गया, लेकिन आज तक यह शुरू नहीं हो पाया। उन्होंने यहां कूड़ा निस्तारण केंद्र के निर्माण पर भी सवाल उठाए। आरोप है कि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से बिना अनुमति लिए ढाई करोड़ की लागत से कूड़ा निस्तारण केंद्र का निर्माण हुआ, जो अभी तक शुरू नहीं हो पाया। उन्होंने इस पर पालिकाध्यक्ष से स्पष्टीकरण मांगा।
उन्होंने कहा कि पालिका की आर्थिक स्थिति सही नहीं होने के बावजूद करोड़ों की निविदाएं आमंत्रित की जा रही हैं। इस वजह से पालिका पर करोड़ों का कर्जा चढ़ चुका है। साथ ही सेवानिवृत्त कर्मचारियों का भुगतान लंबित है। उधर, इन आरोपों को पालिकाध्यक्ष मनमोहन सिंह मल्ल ने निराधार बताया। उन्होंने कहा कि सभासद को पता ही नहीं कि ये योजनाएं सरकार की हैं। अनुज गुप्ता जनता को गुमराह कर अध्यक्ष का चुनाव लड़ना चाहते हैं। इसीलिए अनाप-शनाप आरोप लगा रहे हैं।