श्रीनगर। विकासखंड कीर्तिलनगर के मढी चौरास में जल्द ही मेडिकल कालेज की ओपीडी शुरू की जाएगी। मेडिकल कालेज के कम्यूनिटी मेडिसन विभाग के सहयोग यह सेवा प्रतिदिन तीन घंटे चलेगी। वहीं मेडिकल कालेज के ग्रामीण स्वास्थ्य प्रशिक्षण केंद्र (सीएचसी कीर्तिनगर) और शहरी स्वास्थ्य प्रशिक्षण केंद्र (संयुक्त अस्पताल श्रीनगर) में तीन-तीन दिन के रोटेशन पर दंत चिकित्सक सेवाएं देंगे।
देवप्रयाग के विधायक विनोद कंडरी ने मेडिकल कालेज से मढी चौरास में ओपीडी शुरू कराने का अनुरोध किया था। चौरास क्षेत्र के लोगों ने विधायक से क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की थी। मेडिकल कालेज के प्राचार्य डा. सीएमएस रावत ने बताया कि दो सप्ताह के भीतर चौरास मढी में ओपीडी शुरू कर दी जाएगी। जिसके तहत यहां पर एक एमबीबीएस व एक दंत चिकित्सक प्रतिदिन तीन घंटे की सेवाएं देेंगे। इसके अतिरिक्त कालेज के ग्रामीण स्वास्थ्य प्रशिक्षण केंद्र व शहरी स्वास्थ्य प्रशिक्षण केंद्र में भी रोटेशन के आधार पर चिकित्सकों की नियुक्ति की गई है। प्राचार्य डा. रावत ने बताया कि मेडिकल कालेज के हड्डी रोग विभाग मे सीनियर रेजीडेंट और कम्यूनिटी मेडिसन विभाग में ट्यूटर की नियुक्ति की गई है। दोनों चिकित्सक बुधवार से सेवाएं देना शुरू कर देंगे।