श्रीनगर। गढ़वाल प्रीमियर लीग सीजन-2 में नयार पैंथर्स और लैंसडौन वारियर्स ने अपने-अपने मैच जीत लिए। कोटद्वार नाइटराइडर्स पांचवां मैच हारने के बाद दौड़ से बाहर हो गई है।
जीआईएंडटीआई मैदान में सोमवार को दो मैच खेले गए। पहले मुकाबले में टॉस जीतकर मसूरी हिल्स ने बल्लेबाजी का फैसला लिया। मसूरी के बल्लेबाजों ने अच्छी शुरूआत दी, लेकिन मध्यक्रम के बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर पाए। पूरी टीम 20 ओवर में 125 रन ही बना पाई। नयार के गेंदबाज हीरा ने 3 विकेट झटके। लक्ष्य का पीछा करने उतरी नयार पैंथर्स के बल्लेबाजों को मसूरी के गेंदबाजों ने बांधे रखा। लेकिन नयार के बल्लेबाज अदित्य सेठी व विजन पंचाल के बेहतर खेल ने आखिरी ओवर में नयार को जीत दिला दी। सेठी को बल्ले व बॉल से बेहतर प्रदर्शन (29 रन व 2 विकेट) करने पर मैन आफ द मैच के खिताब से नवाजा गया।
दूसरे मुकाबले में कोटद्वार ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 153 रनों को स्कोर खड़ा किया। कोटद्वार की ओर से आशीष गुसाईं ने 63 रनों की पारी खेली। लैंसडौन की टीम के बल्लेबाजों ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 17 ओवरों में लक्ष्य हासिल कर लिया। लैंसडौन की ओर से हेमंत ने 56 व बानी मीना ने 33 रनों की शानदार पारी खेली। विपिन नौटियाल व ललित बिष्ट अंपायर की भूमिका में रहे। जयदीप भट्ट ने शानदार कमेंट्री की।