पथरी। भक्कतनपुर आबिदपुर ग्राम पंचायत में एक खेत में मिट्टी के खनन को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया है। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। एक पक्ष के भक्कतनपुर आबिदपुर के ग्राम प्रधान मोहम्मद हारून ने थाने में तहरीर देकर अपने भाई समून पर दो लोगों पर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। दूसरे पक्ष के कुर्बान ने थाने में तहरीर देकर समून व उसके कई साथियों पर जानलेवा हमला करने व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस दोनों मामलों की तहरीर के आधार पर जांच कर रही है।
एक पक्ष के ग्राम प्रधान मोहम्मद हारून ने तहरीर में अवगत कराया है कि उसका भाई समून शनिवार की देर शाम कुछ लोगों के साथ एक खेत पर मिट्टी का खनन रुकवाने के लिए गया था। वहां मौजूद कुछ लोगों ने उसके भाई समून पर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल समून को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ग्राम प्रधान मोहम्मद हारून ने तहरीर में कुर्बान निवासी गांव अंबूवाला व मुर्सलीन निवासी गांव एकड़ खुर्द को नामजद किया है। वहीं दूसरे पक्ष के कुर्बान निवासी अंबूवाला ने भी पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि समून निवासी एकड़ खुर्द व उसके कई साथियों पर हमला कर घायल कर दिया। दूसरी ओर थानाध्यक्ष गजेेंद्र बहुगुणा का कहना है दोनों पक्षों की ओर से तहरीर दी गई है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।