हाथियों के झुड ने गोदाम में रखी राशन की चट
-- शुक्रवार देर रात लच्छीवाला के आबादी क्षेत्र में आ धमके हाथी
अमर उजाला ब्यूरो
डोईवाला। देर रात आबादी क्षेत्र में घुसे हाथियों के झुंड ने एक गोदाम को क्षतिग्रस्त कर रखा खाने पीने का समान चट कर लिया। आबादी में चहलकदमी करते हुए हाथियों ने जोर-जोर से चिघांडकर लोगों को भयग्रस्त कर दिया। लच्छीवाला वन रेंज के मिस्सरवाला गांव में एक दिन पहले उत्पात मचाने के बाद देर रात और सुबह तड़के टस्कर लच्छीवाला आबादी क्षेत्र में आ गया। जंगल से निकलने के बाद हाईवे क्रास कर लच्छीवाला में सौम्या फास्ट फूड के गोदाम पर धावा बोलकर रखा मैदा, नमक और अन्य खाने पीने का समान चट कर लिया।
गोदाम स्वामी रणधीर गुंरुग ने बताया कि घर से सटा हुआ उनके गोदाम को सुबह करीब चार बजे के आसपास हाथी ने क्षतिग्रस्त कर नुकसान पहुंचाया। आबादी में चहलकदमी कर टस्कर ने जोर-जोर से चिघांडकर लोगों को भयभीत कर दिया जिससे ग्रामीण घरों में ही दुबके रहे। इत्मीनान से चहलकदमी करता हुआ हाथी जंगल में वापस लौटा। वन सीमा से सटे गांवों में लगातार हो रही हाथियों की आमद को रोकने के लिए ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है।
ब्लॉक कनिष्ठ प्रमुख उर्मिला नेगी ने कहा कि हाथियों को आबादी में आने से रोकने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाकर करने की आवश्यकता है। युकां प्रदेश सचिव विक्रम सिंह नेगी ने कहा कि जंगली हाथियों की समस्या को उच्चाधिकारियों के पास ले जाया जाएगा। लच्छीवाला रेंजर घनानंद उनियाल ने बताया कि रात्रि गश्त बढ़ा दी गई है।