हरिद्वार। मकान की खिड़की में शीशा लगा रहे मिस्त्री की पहली मंजिल से गिरकर मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजन को सौंप दिया।
घटना ज्वालापुर क्षेत्र की लोधामंडी की है। क्षेत्र के रहने वाले मोहसीन के घर शीशे लगाने का काम चल रहा था। शुक्रवार को लक्सर के गांव बसेड़ी का रहने वाला अनिल (32) पुत्र बृजपाल ठेकेदार फरमान के साथ वह शीशे लगाने के लिए आया था। शाम करीब चार बजे पहली मंजिल पर बने कमरे की खिड़की का शीश लगाते वक्त युवक नीचे आ गिरा। आनन फानन में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां देर रात उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि दौरा पड़ने के कारण ही युवक नीचे गिरा है। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि मृतक की तबियत काफी दिन से खराब चल रही थी और वह कल ही काम पर आया था।