श्रीनगर। गढ़वाल विवि प्रशासन की मुसीबतें बढ़ती ही जा रही हैं। विवि की सेमेस्टर परीक्षांए शुरू ही हुई हैं कि परीक्षा नियंत्रक ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए पद से इस्तीफा दे दिया। हालंाकि विवि प्रशासन ने इस्तीफा देने की बात से साफ इंकार किया है।
वर्तमान में विवि की सेमेस्टर परीक्षाएं संचालित हो रही हैं। लेकिन विवि के परीक्षा नियंत्रक एसएस रावत ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए कार्य करने में असमर्थता जताई है। 31 जुलाई को गढ़वाल विवि के परीक्षा नियंत्रक प्रो. केडी पुरोहित के सेवानिवृत्त होने पर एक अगस्त को कंप्यूटर विभाग के एसएस रावत को परीक्षा नियंत्रक का दायित्व सौंपा गया था। एसएस रावत पूर्व में श्रीदेव सुमन विवि में परीक्षा नियंत्रक रह चुके थे। हालंाकि वह परीक्षा नियंत्रक का कार्यभार प्रभारी के तौर पर देख रहे थे। एसएस रावत ने बताया कि वह अस्वस्थ चल रहे हैं। ऐसे वह परीक्षा नियंत्रक का दायित्व निर्वहन करने में असमर्थ हैं। इस बाबत कुलपति को जानकारी दे दी है। हालांकि विवि के कुलपति प्रो. जेएल कौल ने इस्तीफा देने की बात से साफ इंकार किया है।