भाजपा ने विधानसभा सत्र की औपचारिकता निभाई : उक्रांद
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश।
उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) ने गैरसैंण में छह दिन के विधानसभा सत्र को महज दो दिन में समाप्त करने पर प्रदेश सरकार की निंदा की है। दल के पूर्व केंद्रीय अध्यक्ष त्रिवेंद्र सिंह पंवार ने इस निर्णय को भाजपा विधायकों की पहाड़ विरोधी मानसिकता करार दिया है।
प्रेस क्लब भवन में बुधवार को पत्रकार वार्ता के दौरान त्रिवेंद्र सिंह पंवार ने कहा कि गैरसैंण में छह दिवसीय शीतकालीन विधानसभा सत्र को दो दिन में निपटाने से भाजपा सरकार की पहाड़ विरोधी मानसिकता स्पष्ट हो गई है। उन्होंने कहा कि कुछ विधायकों के दवाब में आकर सरकार व विधानसभा अध्यक्ष ने सत्र को औपचारिक बना दिया। सरकार को ऐसी मानसिकता वाले विधायकों व मंत्रियों के नाम नैतिकता के तहत जनता के समक्ष उजागर करने चाहिए। पंवार ने कहा कि आगामी निकाय चुनावों में उक्रांद अपने प्रत्याशी मैदान में उतारेगा। उक्रांद के केंद्रीय नेतृत्व ने केंद्रीय महामंत्री जयदीप भट्ट को ऋषिकेश विधानसभा का प्रभारी और राकेश भट्ट को सहप्रभारी मनोनीत किया है। टिहरी गढ़वाल से वीरचंद रमोला और नरेंद्रनगर से सम्राट पंवार को प्रभारी चुना गया है। वार्ता के दौरान नागेंद्र रतूड़ी, सम्राट पंवार, शांति तड़ियाल, मोहित डोभाल, राकेश भट्ट, आशीष भट्ट, रोहित राणा आदि मौजूद रहे।