एयरपोर्ट टर्मिनल और पार्किंग का होगा विस्तार
जौलीग्रांट हवाई अड्डा सलाहकार समिति की बैठक हुई संपन्न
अमर उजाला ब्यूरो
डोईवाला।
जौलीग्रांट (देहरादून) एयरपोर्ट सलाहकार समिति की बुधवार को बैठक में हवाई अड्डा विस्तारीकरण और हवाई यात्रियों को अधिक सुविधाएं देने पर विचार विमर्श हुआ। इसमें एयरपोर्ट टर्मिनल और पार्किंग के विस्तार पर सहमति बनी। इसके अलावा फ्लाईटों, एयरपोर्ट विस्तारीकरण, भूमि अधिग्रहण आदि पर भी चर्चा हुई।
हवाई अड्डा सलाहकार समिति के चेयरमैन हरिद्वार सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि हिमालयी राज्यों में जौलीग्रांट एयरपोर्ट सुविधाओं की दृष्टि से अव्वल है। यात्रियों की बढ़ती तादाद को देखते हुए टर्मिनल का आकार बड़ा किया जाएगा। इसके अलावा वाहनों की पार्किंग के लिए अधिक स्थान बनाया जाएगा। एयरपोर्ट विस्तारीकरण के लिए वन भूमि के अधिग्रहण प्रक्रिया को गति दी जाएगी और आबादी क्षेत्र में टिहरी विस्थापितों से जमीन लेने से पहले उन्हें पूरी तरह से विश्वास में लिया जाएगा। इस दौरान सांसद निशंक ने एयरपोर्ट की अत्याधुनिक फायर ब्रिगेड के वाहनों, एटीसी कक्ष और ऑपरेशन एरिया के अलावा सभी स्थानों का मौका मुआयना किया। बैठक में एयरपोर्ट निदेशक विनोद शर्मा, टिहरी सांसद माला राज लक्ष्मी शाह, सलाहकार समिति सदस्य शोभित गोयल, बीके धवन, सिद्धार्थ बंसल, उपजिलाधिकारी डोईवाला कुश्म चौहान, एसपी देहात सरिता डोभाल, सीआईएसएफ के डिप्टी कमांडेंट बिक्कर सिंह, एयर इंडिया के प्रबंधक बीएस बडथ्वाल, इंडिगो के मनप्रीत और स्पाईस जेट के जसवंत रावत आदि मौजूद रहे।