जोशीमठ/गोपेश्वर। पहाड़ों में बर्फबारी के बाद मौसम सामान्य हो गया है। बुधवार को दिनभर जिले में धूप खिली रहने से जहां लोगों को ठंड से राहत मिली है, वहीं, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में पहाड़ियां बर्फ से ढक गई। धूप खिलते ही औली में स्कीइंग के शौकीनों की भीड़ जुटने लगी। मंगलवार को औली में 80 पर्यटक पहुंचे थे, जबकि बुधवार को 250 देशी-विदेशी पर्यटक सैर-सपाटे के लिए आए हैं।
बदरीनाथ धाम में भी बर्फबारी के बाद मौसम सामान्य हो गया है। हेमकुंड साहिब यात्रा और फूलों की घाटी के मुख्य पड़ाव घांघरिया में भी चारों ओर बर्फ की चादर बिछ गई है। औली में दस नंबर टावर के इर्द-गिर्द जमीं करीब एक फीट बर्फ में पर्यटक व स्थानीय लोग स्कीइंग के लिए पहुंच रहे हैं। कलकत्ता से पहुंची अल्पना मंडल का कहना है कि औली में चारों ओर पहाड़ियों में बर्फ की सफेद चादर बिछी हुई है। औली में पर्यटकों की संख्या बढ़ने से व्यापारी खुश हैं। औली-जोशीमठ रोपवे प्रबंधक दिनेश भट्ट का कहना हैै कि औली में हुई बर्फबारी के बाद से पर्यटकों की संख्या में वृद्धि हुई है। यदि थर्टी फस्ट से पहले दोबारा बर्फबारी होती है, तो औली में पर्यटकों की संख्या में इजाफा होने की संभावना है।