जोशीमठ। शरदोत्सव की पहली सांस्कृतिक संध्या में लोक गायिका हेमा करासी और सुशील राजश्री के लोक गीत, लोक नृत्य और जागरों पर दर्शक जमकर थिरके। कड़ाके की ठंड के बावजूद दर्शक पंडाल में बैठे रहे।
सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती ने किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत गायक सुशील राजश्री के जय बदरी-केदारनाथ, गंगोत्री जय-जय, यमनोत्री जय-जय... से हुई। इसके बाद गायिका हेमा करासी के चेत की चैत्वाल्या... गीत पर दर्शक पंडाल में ही नाचने लगे। गायिका पूनम सती ने जय मां नंदा, ऊंचू तेरु धाम... गीत की प्रस्तुति दी। इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष रोहिणी रावत, पालिका के पूर्व अधिशासी अधिकारी भगवती प्रसाद कपरवाण, गुड्डू लाल, लक्ष्मण फरकिया, प्रकाश नेगी आदि मौजूद थे। वहीं, सोमवार को गांधी मैदान में हुए शरदोत्सव में सरस्वती विद्या मंदिर जोशीमठ, शिशु मंदिर, बालिका इंटर कॉलेज, जेपी विद्या मंदिर, जूनियर हाईस्कूल मारवाड़ी और ज्योति विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने रंगोली प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर रहे विद्यालयों को शरदोत्सव के समापन पर पुरस्कृत किया जाएगा। शाम तीन बजे से क्षेत्रीय महिला मंगल दल डाडों, रविग्राम, मारवाड़ी, मनोहरबाग और सिंहधार की महिलाओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। मेले में स्थानीय उत्पादकों की ओर से स्टॉल लगाए गए हैं, जिसमें चौलाई के लड्डू, ऊनी कपड़े, कालीन, दाल, स्थानीय फलों का जूस, रिंगाल की टोकरियां भी थीं।