सैलानियों को करेंगे पर्यटक स्थलों के प्रति जागरूक
-पर्यटन प्रशिक्षितों ने बनाया महासंघ, पैन्यूली बने अध्यक्ष
अमर उजाला ब्यूरो
मुनिकीरेती । उत्तराखंड पर्यटन प्रशिक्षित बेरोजगार महासंघ से जुड़े प्रशिक्षित पर्यटन बेरोजगार युवा पर्यटन के प्रचार प्रसार में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इसके लिए प्रशिक्षितों ने बाकायदा महासंघ का गठन किया है। जिसकी कमान कमलेश पैन्यूली को सौंपी गई है। बृहस्पतिवार को मुनिकीरेती स्थित कैलाशगेट में महासंघ के अध्यक्ष कमलेश पैन्यूली की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। इस मौके पर उन्होंने कहा कि राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों से प्रशिक्षित बेरोजगार युवा निजी स्तर पर पर्यटक स्थलों के प्रचार-प्रसार में जुटेंगे व पर्यटकों को जागरूक करेंगे।
बताया कि वर्तमान में अप्रशिक्षित पर्यटक गाइडों द्वारा पर्यटकों से अमर्यादित व्यवहार किया जाना आम बात है। इससे क्षेत्र की छवि धूमिल हो रही है और लोगों को पर्यटक स्थलों के बारे में आधी अधूरी जानकारियां दी जा रही हैं। प्रशिक्षित पर्यटक बेरोजगार युवा पर्यटकों को प्रदेश के दर्शनीय स्थलों, चारधाम यात्रा, साहसिक पर्यटन, योग, होम स्टे आदि गतिविधियों के बारे में जागरूक करेंगे। बताया गया कि इसके लिए बाकायदा प्रशिक्षितों की ओर से महासंघ का गठन किया गया है, जिसमें कमलेश पैन्यूली को अध्यक्ष, आशीष मिश्रा उपाध्यक्ष, प्रदीप कुमार महासचिव, नागेंद्र बडोला सचिव, धनीराम बिंजोला कोषाध्यक्ष, आशीष मैठाणी संगठन मंत्री मनोनीत किए गए। जबकि कार्यकारिणी में हुकम सिंह, खुशबू धस्माना, मधुवाला जखमोला, वरुण सिंह मल्ल, विनीत कुमार शर्मा, मोहित सिंह, रोहित सिंह रावत को शामिल किया गया है।