श्रीनगर। तीन सूत्री मांगों को लेकर आंदोलित प्रजम की ओर से बुलाई गई महापंचायत में आंदोलन की रणनीति तय की गई। जिसमें 25 दिसंबर से क्रमिक अनशन शुरू करने का निर्णय लिया गया।
बृहस्पतिवार को एनआईटी के स्थायी परिसर निर्माण, शुद्ध पेयजल की व्यवस्था व संयुक्त अस्पताल में चिकित्सकों की तैनाती के लिए महापंचायत का आयोजन किया गया। पूर्व पालिका अध्यक्ष कृष्णानंद मैठानी की अध्यक्षता में प्रजम की महापंचायत में नगर सहित श्रीकोट, मलेथा, खिर्सू आदि गांवों से बड़ी संख्या में लोगों ने प्रतिभाग किया। आक्रोश व्यक्त कर कहा कि जायज मांगों पर शासन-प्रशासन की चुप्पी को बर्दास्त नही किया जाएगा। महापंचायत में लिए गए निर्णय के अनुसार 10 दिसंबर को नगर के विभिन्न वार्डों व गांवों में जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। 20 दिसंबर को आंदोलन के समर्थन में गोलापार्क में आम सभा होगी। जबकि 24 दिसंबर को आंदोलन से जुड़े मुद्दों पर विचार किया जाएगा। 25 दिसंबर से क्रमिक अनशन शुरू किया जाएगा। महापंचायत के निर्णय के अलावा शुद्ध पेयजल के लिए उच्च न्यायालय में जनहित याचिका दायर करने के साथ ही पौड़ी नगर से संपर्क कर आंदोलन को उग्र करने का निर्णय भी लिया गया। इस मौके पर कार्यक्रम के संचालक जेपी पुरी, देव सिंह नेगी, सतीश बहुगुणा, प्रदीप तिवाड़ी, प्रेम बल्लभ नौटियाल, विमला कोठियाल, मदन मोहन नौटियाल, झाबर सिंह, एसडी भट्ट, गणेश टम्टा, अमित जुगरान, सुरजीत बिष्ट, खेम सिंह आदि ने विचार रखे।