फोटोफाइल नेम-
27 शिकायतें पहुंची एक का भी निस्तारण नहीं
-- तहसील दिवस : 11 समस्याएं पहुंची समाज कल्याण विभाग से संबंधित
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश।
तहसील दिवस पर शहर व ग्रामीण इलाकों से 27 समस्याएं दर्ज की गई, जिनमें से सर्वाधिक 11 समस्याएं समाज कल्याण विभाग से संबंधित रहीं। बावजूद इसके तहसील दिवस पर मौजूद अफसर मौके पर एक भी समस्या का समाधान नहीं कर पाए। मंगलवार को आयोजित तहसील दिवस पर ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की बिजली, पेयजल, पेंशन, सिंचाई आदि विभागों से जुड़ी समस्याओं को फरियादियों ने अधिकारियों के समक्ष रखीं। इस दौरान तहसीलदार रेखा आर्य ने विभिन्न क्षेत्रों से आए फदियादियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने मौके पर मौजूद संबंधित विभागीय अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।
ऋषिकेश तहसील के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी ऋषिपाल सिंह ने बताया तहसील दिवस पर कुल 27 समस्याएं सुनीं गई, जिनमें से 11 मामले समाज कल्याण विभाग, पांच राजस्व विभाग, दो नगर पालिका, दो पुलिस विभाग, दो आबकारी, दो जल संस्थान, एक विद्युत विभाग और दो समस्याएं सिंचाई विभाग से जुड़ी थी। तहसीलदार रेखा आर्य ने बताया कि सभी समस्याएं संबंधित विभागों को निस्तारण के लिए भेज दी गई हैं। इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग से महेश प्रताप सिंह, पीडब्ल्यूडी से आरसी केलखुर्रा, एलके गुप्ता, जल संस्थान से हिमांशु असवाल, ऊर्जा निगम के उपखंड अधिकारी महेंद्र सिंह, वन विभाग से मनसाराम गौड़, एमएल प्रसाद, उत्तम दास, रमेश चंद्र अमोली, मनोज वर्मा आदि मौजूद थे।