कर्णप्रयाग। 14 नवंबर को राजकीय प्राथमिक विद्यालय लंगासू की शिक्षिका शशि कंडवाल को जिला शिक्षा अधिकारी (बेसिक) द्वारा निलंबित करने के मामले में शिक्षिका को जांच के बाद बहाल कर दिया गया है। करीब बीस दिन के जांच के बाद जिला शिक्षा अधिकारी (बेसिक) नरेश कुमार हल्दियानी ने सोमवार चार दिसंबर को शिक्षिका को बहाल करने के आदेश जारी किए हैं।
राजकीय प्राथमिक विद्यालय लंगासू में तैनात शिक्षिका शशि कंडवाल को हल्दियानी ने यह कहकर निलंबित कर दिया गया था कि 14 नवंबर को निरीक्षण के दौरान शशि कंडवाल स्कूल में नहीं थी। शशि कंडवाल की जगह कोई अन्य छात्र-छात्राओं को पढ़ रहा था। इधर शिक्षिका शशि कंडवाल के निलंबित होने पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने नाराजगी जताते हुए कहा शशि कंडवाल ईमानदार शिक्षिका हैं। आईसा पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष इंद्रेश मैखुरी, अरविंद चौहान ने कहा कि शिक्षिका 14 नवंबर को विज्ञान प्रदर्शनी में बच्चों को लेकर कर्णप्रयाग पहुंची थी, जबकि स्कूल में प्रबंध समिति के निर्णय पर एक अन्य को पढ़ाने के लिए रखा गया था। जिसमें शशि कंडवाल को कोई दोष नहीं था। मामले की शिकायत पर सीएम के निर्देश पर शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे ने मामले की जांच के निर्देश दिए थे। खंड शिक्षा अधिकारी वीपीएस बिष्ट ने बताया कि जांच के बाद शिक्षिका शशि कंडवाल को बहाल कर दिया गया है।