हरिद्वार। केंद्रीय कपड़ा राज्यमंत्री ने पतंजलि योगपीठ में पहुंचकर आचार्य बालकृष्ण महाराज से मुलाकात कर भारत को स्वस्थ, स्वच्छ, सांस्कृतिक एवं स्वावलंबी राष्ट्र को लेकर चर्चा की। उन्होंने आचार्य के साथ पतंजलि योगपीठ के विविध प्रकल्पों का अवलोकन कर योग, आयुर्वेद, भारतीय वैदिक संस्कृति, राष्ट्रनिर्माण-विश्वनिर्माण से जुड़े विविध सेवापरक आंदोलनों को समझने का प्रयास किया।
केंद्रीय कपड़ा राज्यमंत्री ने कहा स्वामी रामदेव एवं आचार्य बालकृष्ण के मार्गदर्शन में योग-आयुर्वेद को वैश्विक पहचान मिली है। पतंजलि आयुर्वेद एवं पतंजलि अनुसंधान के प्रयासों से प्राचीन काल से चले आ रहे देशी नुस्खों एवं देश भर में उत्पन्न होने वाले जड़ी-बूटियों पर देश वासियों का पुन: विश्वास जगा है।
पतंजलि योगपीठ के महामंत्री आचार्य बालकृष्ण महाराज ने केंद्रीय राज्यमंत्री को बताया कि पतंजलि अपने जन्मकाल से ही युवाओं को स्वावलंबन, किसानों की समृद्धि के लिए कार्य करके संपूर्ण राष्ट्र की आर्थिक समृद्धि एवं देश को विदेश कंपनियों की गुलामी से मुक्ति दिलाने में लगा है। उन्होंने कहा सरकार के हर सकारात्मक संकल्प के साथ पतंजलि उनके साथ खड़ी रहेगी और देश की प्रतिभाओं का सही नियोजन कर उसे आर्थिक समृद्धि से जोड़ेगी।