कर्णप्रयाग। नगर के कर्णप्रयाग-बदरीनाथ हाइवे के बहुगुणा नगर में ऑलवेदर रोड के निर्माण का सर्वे मानकों के अनुसार नहीं होने पर भवन स्वामियों ने डीएम को ज्ञापन दिया। ज्ञापन में ईश्वरी मैखुरी, मदन सिंह रावत, आनंद सिंह नेगी, दिनेश मैखुरी और जगदीप रावत आदि ने बताया कि बहुगुणा नगर में राजस्व उप निरीक्षक की ओर से किए गए सर्वे के अनुसार जिन भवनों को ऑलवेदर रोड की सीमा रेखा से बाहर रखा गया है उन्हें विभाग की ओर से ऑलवेदर रोड के तहत चिह्नित किया गया है। राजस्व अभिलेखों और कार्यदाई विभाग के सर्वे में अंतर आने से भवन स्वामियों और व्यापारियों में रोष है। उन्होंने डीएम से राजस्व विभाग के सर्वे के अनुसार ऑलवेदर रोड का निर्माण कार्य करने की मांग की। ज्ञापन की प्रतिलिपि सीएम, सांसद, विधायक, एडीएम और एसडीएम कर्णप्रयाग को भेजी है।