गोपेश्वर। जिला युवा कल्याण विभाग की ओर से आयोजित दो दिवसीय खेल महाकुंभ में नगर पालिका क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभा का प्रदर्शन किया। स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित 1500 मीटर दौड़ में परमजीत सिंह ने प्रथम, कृष्णा ने द्वितीय और अनुभव कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
अंडर 14 कबड्डी बालक वर्ग में जीआईसी गोपेश्वर ने प्रथम और एसजीआरआर गोपेश्वर ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। अंडर 14 वॉलीबाल बालिका वर्ग में एसजीआरआर प्रथम व नेशनल पब्लिक स्कूल की छात्राएं द्वितीय स्थान पर रहे। अंडर 19 कबड्डी बालक वर्ग में पीजी कॉलेज गोपेश्वर ने प्रथम व जीआईसी गोपेश्वर ने द्वितीय, अंडर 19 वॉलीबाल बालिका वर्ग में जीजीआईसी प्रथम व एसजीआरआर द्वितीय, अंडर 17 बालक वर्ग खो-खो में पीस पब्लिक स्कूल प्रथम और सुबोध प्रेम विद्या मंदिर ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। जिला युवा कल्याण अधिकारी गणेश थपलियाल ने बताया कि जिलास्तरीय खेल महाकुंभ का आयोजन चार दिसंबर को सेमलडाला मैदान पीपलकोटी में होगा। इसमें अंडर 10 से लेकर अंडर 35 आयु वर्ग के खिलाड़ी प्रतिभाग कर सकते हैं।