अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
भरपूर मात्रा में निर्माण सामग्री और मिट्टी मिलने पर मुजफ्फरनगर- हरिद्वार- देहरादून मार्ग पर बन रहे फ्लाई ओवरों के निर्माण में तेजी आएगी। दावा तो यह भी किया जा रहा है कि हाईवे के निर्माण में आ रही अड़चनों को आठ दिसंबर तक दूर कर 31 जनवरी तक तीन फ्लाई ओवरों का निर्माण पूरा हो जाएगा।
मुजफ्फरनगर- हरिद्वार- देहरादून मार्ग पर बन रहे फ्लाई ओवरों में तीन का निर्माण पूरा करने के लिए 31 जनवरी 2018 की डेडलाइन तय की गई है। इसके लिए भूपतवाला में अटके निर्माण आठ दिसंबर से शुरू करने के साथ-साथ बाधा बन रहे अतिक्रमण को हटाने को कार्ययोजना बनाई गई। वहीं निर्माण कंपनी ने प्रशासन के सामने हाईवे निर्माण के लिए पांच लाख घन मीटर खनन सामग्री उपलब्ध कराने की मांग रखी है। इसके लिए साइट का चयन और खनन के लिए एनएच, राजस्व विभाग कसे अधिकृत किया गया है।
मुजफ्फरनगर- हरिद्वार- देहरादून हाईवे को फोरलेन बनाने का काम वर्ष 2010 से जारी है। नारसन बार्डर से लेकर देहरादून तक एक भी बाईपास पूरा नहीं हो सका है और न कोई फ्लाई ओवर बन सका है। जून-2014 से दर्जनों बार निर्माण कंपनी काम पूरा करने के लिए समय सीमा तय कर चुकी है। बावजूद इसके काम अधूरा ही पड़ा है। अब निर्माण कंपनी खनन सामग्री न होने और बैंकों से ऋण न मिलने की बात कहते हुए निर्माण में देरी होने की बात बताते रहे। अब केंद्रीय मंत्रालय ने एरा कंपनी को 280 करोड़ रुपये का ऋण स्वीकृत कर दिया है। यह ऋण कंपनी को ब्याज सहित सरकार को वापस देना होगा। साथ ही यह ऋण किश्तों में शर्र्तों के आधार पर मिलेगा। निर्माण कार्यों में आ रही रुकावटों को दूर करने के लिए सोमवार को जिलाधिकारी दीपक रावत ने एनएच और एरा कंपनी के अधिकारियों के साथ बैठक ली। जिसमें एरा कपंनी के अधिकारियों ने 31 जनवरी तक सिंहद्वार, ज्वालापुर, पतंजलि के सामने बन रहे फ्लाई ओवर को पूरा करने का दावा किया। बैठक में जिलाधिकारी दीपक रावत ने भूपतवाला में हाईवे एवं नालों के निर्माण कार्यों में आ रही रुकावटों एवं अतिक्रमण को 8 दिसंबर तक दूर करने को कहा। जिस पर एनएच प्रोजेक्ट डायरेक्टर प्रदीप गुसाईं एवं एरा के बिजनेस हेड डीसी मैंडोलिया ने डीएम को अतिक्रमण के स्थानों की सूची उपलब्ध कराई। डीएम दीपक रावत ने कंपनी को अन्य कई मामलों में सख्ती से निर्देश दिए।
निर्माण को चाहिए पांच लाख घन मीटर सामग्री
एनएच के साथ एरा कंपनी ने हाईवे चौड़ीकरण के शेष कार्य को पूरा करने के लिए पांच लाख घन मीटर खनन सामग्री की मांग की है, लेकिन फिलहाल में कोई सामग्री न मिलने की बात कही। जिसे डीएम दीपक रावत ने गंभीरता से लिया और खनन विभाग, एनएच, राजस्व विभाग को संयुक्त रूप से निरीक्षण कर खनन साइट चयनित करने को कहा। जिलाधिकारी ने कहा कि साइट चयन होने से पूर्व वन विकास निगम की ओर से जारी खनन सामग्री को भी निर्माण कंपनी ले सकती है।
वर्जन
हाईवे निर्माण के लिए सभी सुविधाएं प्रशासन देने को तैयार है। बाधाओं को दूर करने को 8 दिसंबर का समय निश्चित कर दिया है। वहीं कंपनी ने 31 जनवरी तक तीन फलाई ओवर कम्पलीट करने को कहा है साथ ही निर्माण सामग्री न होने की समस्या बताई है। जिसपर दिशा निर्देश जारी कर दिए गए है।
दीपक रावत, जिलाधिकारी।