अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
मेयर मनोज गर्ग ने उपनगरी ज्वालापुर के विभिन्न वार्र्डों की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान वार्डों में साफ सफाई को लेकर दिशा निर्देश दिए गए। इस दौरान बड़ी संख्या में ज्वालापुर के व्यापारियों ने विभिन्न समस्याओं से मेयर मनोज गर्ग को अवगत कराया।
स्थानीय व्यापारी विपिन गुप्ता, अरविंद मंगल ने कहा कि चौक बाजार क्षेत्र में नालियों का पानी ओवरफ्लो होने से अनेकों परेशानियों का सामना करना पड़ता है। नियमित रूप से साफ सफाई नहीं हो पा रही है। नालियों का कीचड़ सड़कों पर फैल जाता है। जिससे व्यापार भी प्रभावित होता है। बाजार की सड़कें लगातार संकरी होने से जाम की स्थिति बनी रहती है। व्यापारियों ने समय से सड़कों का कूड़ा उठाने की मांग की। निरीक्षण के दौरान मुख्य रूप से व्यापारियों ने बाजार के मार्ग पर छोटे कूड़े के डिब्बे एवं नियमित रूप से सीवर को साफ करने की मांग की। मेयर मनोज गर्ग ने कहा कि सफाई कर्मचारी एवं संबंधित सफाई हवलदार सफाई व्यवस्था को नियमित रूप से लागू करें साथ ही नालियों का गारा कीचड़ बाजार की सड़कों पर ना फैलाया जाए। नियमित रूप से सुबह शाम सड़कों पर सफाई होनी चाहिए। क्षेत्रवासियों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने जल्द ही ज्वालापुर की मुख्य सड़कों पर कूड़े के डिब्बे रखने का भी आश्वासन दिया।