प्रतिभा दिवस मनाने के बजाए बंद कर दिए स्कूल
-- डीईओ को निरीक्षण में स्कूलों में ताले जड़े मिले, शिक्षकों का एक दिन का वेतन काटने के आदेश
अमर उजाला ब्यूरो
मुनिकीरेती-ऋषिकेश। शिक्षा विभाग के अंतर्गत प्रतिभा दिवस पर विद्यालयों का निरीक्षण करने यमकेश्वर ब्लॉक में पहुंचे पौड़ी के जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक शिक्षा कुंवर सिंह रावत को तीनों विद्यालयों में ताले लटके मिले। डीईओ ने उक्त बंद मिले तीनों विद्यालयों में तैनात शिक्षकों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश जारी किए हैं। जिला शिक्षा अधिकारी कुंवर सिंह रावत शनिवार को प्रतिभा दिवस के तहत यमकेश्वर ब्लॉक के तीन विद्यालयों राजकीय प्राथमिक विद्यालय विंदवासिनी, प्राइमरी स्कूल तालबादणी व जूनियर हाईस्कूल तालबादणी पहुंचे। मगर इन विद्यालयों में प्रतिभा दिवस मनाए जाने की तिथि निर्धारित होने के बावजूद डीईओ को निरीक्षण के दौरान तीनों विद्यालय बंद मिले।
डीईओ ने बताया कि प्रतिभा दिवस पर छात्रों को विद्यालय में बिना पाठ्य सामग्री के आना होता है। इस दिन छात्रों को सामान्य ज्ञान के तहत उनकी प्रतिभा को निखारने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने बताया कि निर्धारित दिवस पर उन्होंने उक्त विद्यालयों का निरीक्षण किया, मगर उनमें ताले लटके मिले। जिला शिक्षा अधिकारी ने बंद पाए विद्यालयों के शिक्षकों से संपर्क साधा, तो जवाब मिला कि विवेकाधीन अवकाश के तहत विद्यालय बंद किए गए हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी रावत की मानें तो बिना पूर्व सूचना के विद्यालय में अवकाश घोषित करना नियम विरुद्ध है। लिहाजा उन्होंने अधीनस्थों को तीनों विद्यालयों के शिक्षकों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने शिक्षकों द्वारा इस तरह से कई दफा मनमाने ढंग से विद्यालय बंद रखने की शिकायत भी की है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की शिकायत का संज्ञान लेते हुए मामले की जांच की जाएगी, सत्यता पाए जाने पर संबंधित शिक्षकों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।