कर्णप्रयाग/गैरसैंण। ब्लाक गैरसैंण के दूरस्थ राजकीय इंटर कॉलेज रोहिड़ा में आयोजित शिविर में लोगों ने सड़क, शिक्षा, पेयजल, विद्युत, आवास, पेंशन, दैवीय आपदा आदि से जुड़ी 50 शिकायतें दर्ज कराईं। कई बुजुर्गों ने बताया कि उन्हें 11 माह से वृद्धावस्था पेंशन नहीं मिल पाई है, जिससे गुजारा करना मुश्किल हो रहा है।
डीएम आशीष जोशी की अध्यक्षता में आयोजित बहुद्देशीय शिविर में बुजुर्ग शिकायकर्ता सोबन सिंह ने कहा कि 11 माह से वृद्धावस्था पेंशन नहीं मिल पाई है। आधार नंबर जमा करने के बाद भी पेंशन का आहरण नहीं हो पाया है। कांति देवी ने आवास के लिए आर्थिक सहायता की शिकायत दर्ज कराई। ग्रामीणों ने रोहिड़ा बैंड से कुणखेत-मलकोट की क्षतिग्रस्त सड़क, पीएमजीएसवाई की गौल-मटकोट सड़क दुरुस्त करने आदि सहित रोहिड़ा में अस्पताल खोलने की मांग की। इस पर डीएम ने अस्पताल के लिए प्रस्ताव देने को कहा। जीआईसी में भूगोल विषय का अध्यापक न होने पर डीएम ने शिक्षा अधिकारी को गेस्ट टीचर भेजने के निर्देश दिए। रोहिड़ा, मूसौ, मैडियाणा, लखेडी, बीना, पंचाली आदि गांवों के लोगों ने सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, आवास आदि से जुड़ी समस्याएं रखीं। डीएम आशीष जोशी ने कहा कि शिकायत का तय समय सीमा में यदि निस्तारण नहीं होता है तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारी की होगी। इस मौके पर एसडीएम स्मृता परमार, प्रभारी सीडीओ/डीडीओ आंनद सिंह, सीएमओ डा. भागीरथी जंगपांगी, जिला पर्यटन विकास अधिकारी एसएस यादव, थानाध्यक्ष रविंद्र सिंह नेगी, प्रधान संगठन के अध्यक्ष महाबीर सिंह, प्रधान उदय सिह, ब्लाक प्रमुख सुमति बिष्ट, प्रताप सिंह, जगमोहन, वीरेंद्र लाल सहित अन्य जिला और तहसील स्तरीय अधिकारी एवं लोग मौजूद थे।
स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाइयां दीं
शिविर में आयुर्वेदिक की ओर से 41, होम्योपैथिक की ओर से 75, एलोपैथिक डॉक्टरों की ओर से 74 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर नि:शुल्क दवाइयां दी गईं। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों की टीम ने 5 विकलांगों का परीक्षण कर विकलांग प्रमाणपत्र दिए। समाज कल्याण विभाग को 2 वृद्धा, 02 विधवा पेंशन के आवेदन पत्र मिले। शिविर में सैनिक कल्याण विभाग ने 5 पूर्व सैनिकों व वीर नारियों का पंजीकरण किया और 12 पूर्व सैनिकों की पेंशन संबंधी समस्या का समाधान किया। कृषि विभाग ने 25 लोगों को कृषि यंत्र, उद्यान विभाग ने 30 लोगों को सब्जी एवं मसाला बीज तथा औद्यानिक औजार उपलब्ध कराए।