कर्णप्रयाग/गैरसैंण। विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद्र अग्रवाल और वित्त तथा संसदीय कार्यमंत्री प्रकाश पंत ने शुक्रवार को गैरसैंण के भराड़ीसैंण पहुंचकर विधानसभा सत्र आयोजन की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सत्र के दौरान जरूरी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। कहा कि सत्र के दौरान सभी आवासों के बाहर अलाव, बीएसएनएल की ब्रॉडबैंड इंटरनेट सेवा के साथ ही बिजली और पानी की व्यवस्थाएं चाक-चौबंद हों।
शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे हेलीकॉप्टर से भराड़ीसैंण पहुंचे विधानसभा अध्यक्ष अग्रवाल और संसदीय कार्यमंत्री प्रकाश पंत ने सात से 13 दिसंबर तक होने वाले विधानसभा सत्र की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने विधानसभा भवन में पत्रकार दीर्घा, दर्शक दीर्घा और मुख्य हॉल का निरीक्षण भी किया। साथ ही वीवीआईपी, वीआईपी, विधायक और अधिकारी आवास का जायजा लिया। वित्त एवं संसदीय कार्यमंत्री प्रकाश पंत ने कहा कि कई बार आवश्यक दस्तावेज मंगाने व भेजने में विलंब के कारण परेशानियां उठानी पड़ती हैं ऐसे में सत्र के दौरान आवश्यक सेवाओं को दुरुस्त रखने के साथ-साथ बीएसएनएल ब्रॉडबैंड सेवा को भी दुरुस्त रखना होगा। प्रकाश पंत ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसपी को निर्देशित किया। इस अवसर विधायक कर्णप्रयाग सुरेंद्र सिंह नेगी, जिला उपाध्यक्ष अरुण मैठाणी, सचिव विधानसभा जगदीश चंद्र, डीएम आशीष जोशी, पुलिस अधीक्षक तृप्ति भट्ट, सहित एनबीसीसी, बिजली, लोनिवि, जल संस्थान और पुलिस आदि विभागों के प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे।