थराली। रामलीला मैदान में आयोजित कांग्रेस की जनसभा में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत भाजपा सरकार पर जमकर बरसे। रावत ने कहा कि इन सात महीनों में भाजपा की त्रिवेंद्र रावत सरकार ने कांग्रेस सरकार की ओर से चलाई गई 11 गरीब जन कल्याण योजनाओं को बंद कर दिया है, जबकि 25 योजनाओं को संशोधित कर दिया है। कांग्रेस अब जनता को हक दिलाने के लिए सड़कों पर उतरेगी।
शनिवार को यहां पहुंचे पूर्व सीएम हरीश रावत ने कहा कि भाजपा सरकार ने मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना, राज्य खाद्य योजना, नंदा देवी कन्या धन योजना, गौरा देवी योजना, मेरे बुजुर्ग मेरे तीर्थ योजना, एक परिवार में दोनों बुजुर्गों को दी जाने पेंशन योजना, मेरी गांव मेरी सड़क योजना को बंद कर गरीबों का हक पर डाका डालने का काम सरकार ने किया है। वहीं राज्य सभा सांसद प्रदीप टम्टा ने कहा कि केंद्र सरकार ने जन धन खाते खुलवाकर गरीबों के चार अरब से अधिक धनराशि जब्त कर ली है। पूर्व विधायक जीतराम तथा पूर्व डिप्टी स्पीकर डा. अनसूया प्रसाद मैखुरी ने कहा कि कम बच्चों का सहारा लेकर सरकार 22 डिग्री कालेज, 50 से अधिक इंटर कालेज, 100 से अधिक जूनियर हाईस्कूल और 300 से अधिक प्राथमिक विद्यालयों को बंद करके प्रदेश को नोटबंदी का तोहफा दे रही है। कांग्रेस के प्रदेश सचिव आनंद रावत, विनोद रावत, कपकोट के पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, बागेश्वर के जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह बिष्ट, पृथ्वीपाल चौहान, सुशील राठी, नंदन सिंह बिष्ट, दशोली के प्रमुख भगत सिंह, थराली के ब्लाक अध्यक्ष देवी जोशी आदि मौजूद थे।