देवाल। ब्लॉक मुख्यालय स्थित पोस्ट ऑफिस में चार सप्ताह से बीएसएनएल की नेट कनेक्टिविटी न होने से उपभोक्ताओं का लेनदेन नहीं हो पा रहा है।
बचत अभिकर्ता हेम चंद्र मिश्रा, उपभोक्ता महावीर सिंह और कमलेश आदि ने बताया कि चार सप्ताह से पोस्ट ऑफिस में बीएसएनएल की नेट कनेक्टिविटी ठप पड़ी है। ऐसे में ग्रामीणों, व्यापारियों और अभिकर्ताओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार बीएसएनएल के अधिकारियों और कर्मचारियों से संचार सेवा दुरुस्त करने की मांग की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने डाक अधीक्षक चमोली से पोस्ट ऑफिस में वी-सेट लगाने की मांग की। डाक अधीक्षक चमोली डीएस पंवार ने बताया कि पोस्ट ऑफिस में वी-सेट लगाने को लेकर विभाग के उच्चाधिकारियों को पत्र भेजा गया है।