नारायणबगड़। राजकीय इंटर कालेज मैदान में आयोजित महाकुंभ के दौरान दो छात्र गुट आपस में भिड़ गए। दोनों गुटों में मारपीट हुई, जिसमें एक छात्र घायल हो गया। घटना से नाराज अन्य छात्रों ने खेल महाकुंभ का बहिष्कार करते हुए सड़कों पर प्रदर्शन किया और ग्वालदम मार्ग पर धरने पर बैठ गए। घायल छात्र ने तीन आरोपी छात्रों के खिलाफ नामजद तहरीर देते हुए जल्द गिरफ्तारी की मांग की। बताया जा रहा है कि आरोपी छात्र खेल में शामिल होने नहीं बल्कि मारपीट करने के लिए कॉलेज के मैदान में पहुंचे थे।
खेल महाकुंभ के दौरान जीआईसी में ब्लाक स्तरीय खेल प्रतियोगिताएं हो रही हैं। अपराह्न करीब तीन बजे कुछ छात्रों में कहासुनी हो गई और दो छात्र गुटों में मारपीट शुरू हो गई। इसमें जीआईसी नारायणबगड़ और सनेड़ निवासी छात्र पंकज बिष्ट के गले और चेहरे पर चोटें आई हैं। पुलिस में दी गई तहरीर में पंकज बिष्ट ने बताया कि खेल के दौरान पाली गांव निवासी विपिन नेगी, पेंटी गांव निवासी राहुल और पैनगढ़ गांव के अंकित ने धारदार हथियार से हमला किया, जिससे गले में गहरे जख्म हो गए। हमले के बाद अन्य छात्रों ने पंकज को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। इस घटना से नाराज जीआईसी ने छात्रों और खेल में प्रतिभाग करने आए अन्य छात्र-छात्राओं सहित व्यापारियों ने सड़कों पर प्रदर्शन कर धरना दिया। पुलिस चौकी प्रभारी हेमकांत सेमवाल ने बताया कि मामले में जल्द कार्रवाई की जाएगी। दूसरी ओर व्यापार मंडल अध्यक्ष विनोद मलेठा और भाजपा मंडल अध्यक्ष दलीप सिंह नेगी ने आरोपी छात्रों के खिलाफ कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।