श्रीनगर। राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर की फैकल्टी (संकाय) सदस्यों की शुक्रवार से सीधे एससीआई (भारतीय आयुर्विज्ञान परिषद) में हाजिरी दर्ज होने लगी है। कॉलेज की बायोमीट्रिक मशीन एमसीआई के सर्वर से लिंक हो गई है। कॉलेज मेें नई व्यवस्था शुरू होने से संकाय सदस्यों/विशेषज्ञ चिकित्सक एमसीआई की निगरानी में आ गए हैं।
एमसीआई ने डिजिटल मिशन मोड प्रोजक्ट (डीएमएमपी) के तहत देशभर के सभी 425 मेडिकल संस्थानों की फैकल्टी की उपस्थिति में नजर रखने (ऑनलाइन फैकल्टी मेंबर अटेंडेंस मॉनीटरिंग सिस्टम) के लिए 4500 बायोमीट्रिक मशीन स्थापित की हैं। इसके तहत कॉलेज के हर संकाय सदस्य की हाजिरी एमसीआई में दर्ज होनी है। इससे एमसीआई पूरे देश में स्थित मेडिकल कॉलेजों के संकाय सदस्यों/चिकित्सकों की वास्तविक उपस्थिति पर नजर रख सकेगी। श्रीनगर मेडिकल कॉलेज में एमसीआई की ओर से 6 (3 कॉलेज और 3 बेस अस्पताल) ऑनलाइन बायोमीट्रिक मशीन स्थापित की गई हैं।
कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य प्रो. अमित कुमार सिंह ने बताया कि संस्थान में पहले से बायोमीट्रिक हाजिरी ली जा रही थी। शुक्रवार से ऑनलाइन हाजिरी भी शुरू हो गई है। उन्होंने बताया कि एमसीआई ने 1 दिसंबर से ऑनलाइन बायोमीट्रिक हाजिरी को मान्य किया है। मैनुअल हाजिरी मान्य नहीं होगी।