नारायणबगड़। गुुजरात के राजकोट में हार्टअटैक रुक जाने से ब्लॉक के बुडेरा गांव निवासी और बीएसएफ में तैनात कांस्टेबल पदम सिंह (56) की मृत्यु हो गई थी। सोमवार को पदम सिंह की अंत्येष्टि राजकीय सम्मान के साथ नारायणबगड़ के त्रिवेणी घाट में की गई।
बीएसएफ के एसआई रामानुज सिंह ने बताया कि 119 बटालियन में सेवारत कांस्टेबिल पदम सिंह वर्तमान में गुजरात के राजकोट में चुनाव ड्यूटी पर तैनात थे। 11 नवंबर की रात को पदम सिंह की हार्टअटैक से मौत हो गई। सोमवार को पदम सिंह के पार्थिव शरीर को लेकर बीएसएफ की 25वीं बटालियन के एसआई मोहन चंद्र उनके घर बुडेरा आए। दोपहर में नारायणबगड़ के त्रिवेणी घाट पर बीएसएफ के जवानों ने हवा में तीन राउंड फायर कर उन्हें अंतिम सलामी दी। पदम सिंह के ज्येष्ठ पुत्र भरत सिंह ने मुखाग्नि दी। इस दौरान पुलिस चौकी प्रभारी हेमंत सेमवाल और ग्रामीणों ने शोक जताते हुए श्रद्धांजलि दी।