श्रीनगर। आईपीएल की तर्ज पर जीपीएल (गढ़वाल प्रीमियर लीग) क्रिकेट प्रतियोगिता के खिलाड़ियों के लिए रविवार को ट्रायल हुए। इनमें बड़ी संख्या में युवाओं ने जीपीएल में दावेदारी के लिए पसीना बहाया।
10 दिसंबर से जीआईएंडटीआई मैदान श्रीनगर और खेल मैदान गौचर मेें जीपीएल क्रिकेट प्रतियोगिता होगी। 26 नवंबर को अदिति पैलेस में ट्रायल में सफल क्रिकेटर्स की नीलामी होगी। गढ़वाल के सबसे बड़े इस क्रिकेट महोत्सव के लिए देहरादून, रुड़की और कोटद्वार में ट्रायल हो चुके हैं। 18 और 19 नवंबर को दिल्ली मेें भी जीपीएल के लिए ट्रायल होगा।
रविवार को एनआईटी के खेल मैदान में हुए ट्रायल में 150 से अधिक युवाओं ने प्रतिभाग किया। इनमें से 80 युवाओं का चयन नीलामी के लिए किया गया है। जीपीएल कमेटी के सचिव कुलवीर उनियाल ने बताया कि जो खिलाड़ी चयन प्रक्रिया से होकर गुजरे हैं, उनकी नीलामी 26 नवंबर को होगी। इसी दिन 14 टीमों की यूनिफॉर्म भी जारी की जाएगी।
उन्होंने बताया कि जो युवा समूह ग की परीक्षा की वजह से ट्रायल में शामिल नहीं हो पाए, उन्हें 24 नवंबर को होने वाले ट्रायल में मौका दिया जाएगा। इस बार जीपीएल एक साथ श्रीनगर और गौचर में होगी। सेमीफाइनल और फाइनल श्रीनगर में होंगे। यह मैच डे नाइट होंगे। पहाड़ में पहली बार ऐसा प्रयोग किया जा रहा है।