गौचर। राज्य स्तरीय विज्ञान महोत्सव के लिए जीआईसी के चार मेधावी छात्रों का चयन हुआ है। चयनित छात्र 16 नवंबर को भरत विद्या मंदिर ऋषिकेश में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। विज्ञान महोत्सव के ब्लाक समन्वयक और कार्यक्रम के मार्गदर्शक वीरेंद्र सिंह नेगी के कुशल दिशा निर्देशन में इन चार छात्रों ने जनपद स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। अपशिष्ट प्रबंधन में विद्यालय के छात्र आयुष कुमार, गणित में रोहित, डिजीटल में मृत्युंजय बिष्ट, स्वास्थ्य विषय में अखिल सिंह ने जिले में पहला स्थान प्राप्त किया है। विद्यालय की इस उपलब्धि को देखते हुए पालिका अध्यक्ष मुकेश नेगी, सभासद अनिल लेगी, डीपीसी सदस्य इंदु पंवार आदि जनप्रतिनिधियों ने खुशी व्यक्त करते हुए प्रतिभागी छात्रों और शिक्षक वीरेंद्र सिंह नेगी को शुभकामनाएं दीं।