कर्णप्रयाग/थराली। राजकीय इंटर कालेज लंगासू के खेल मैदान सोनला न्याय पंचायत में शनिवार को वॉलीबाल, खोखो, कबड्डी आदि प्रतियोगिताएं हुईं। मुख्य अतिथि व्यापार संघ अध्यक्ष कैलाश खंडूड़ी और प्रधानाचार्य टीएस असवाल ने खेलों में आगे बढ़ने की सलाह बच्चों को दी। दूसरी ओर मज्याड़ी न्याय पंचायत की प्रतियोगिताओं में वॉलीबाल का खिताब कर्णप्रयाग ने जीता, जबकि सेनू उपविजेता रहा। खंड शिक्षा अधिकारी वीपीएस बिष्ट और शिक्षक गोविंद सिंह तोपाल ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। वहीं युवा कल्याण विभाग की ओर से थराली में 15 नवंबर से 18 नवंबर तक ब्लाक स्तरीय ग्रामीण खेल महाकुंभ का आयोजन राइंका तलवाड़ी के मैदान में होगा। क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी सुशील कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता में तीन आयु वर्ग में अंडर 10, 14 और 17 में एथलेटिक्स, लंबी कूद, ऊंची कूद, गोला फेंक, चक्का फेंक, वॉलीबाल, कबड्डी, खो-खो और बैडमिंटन प्रतियोगिताएं होंगी। प्रतिभागी को पंजीकरण फार्म के साथ दो पासपोर्ट साइज की फोटो भी लानी होगी। प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय आने वाले प्रतिभागियों को मेडल से नवाजा जाएगा।