पोखरी (चमोली)। संकल्प तरु फाउंडेशन की ओर से ग्राम पंचायत नौली में घस्यारी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। पहली बार आयोजित घस्यारी प्रतियोगिता में 80 महिलाओं और 11 पुरुषों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता दो ग्रुपों में हुई। दोनों ग्रुपों के बीच घास काटने की प्रतियोगिता हुई। विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार में लंच बॉक्स भेंट किए गए।
प्रतियोगिता में 40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लिए तीन मिनट में चार किलोग्राम घास इकट्ठा करने और 40 वर्ष से कम आयु वर्ग के लिए तीन मिनट में पांच किलोग्राम घास काटने का लक्ष्य रखा गया था। इसमें 40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में सर्वेश्वरी देवी ने निर्धारित समय में चार किलो घास काटकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। जबकि सौंणी देवी ने द्वितीय और भीमराज ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, 40 वर्ष से कम आयु वर्ग में पांच किलो, 20 ग्राम घास काटकर संगीता देवी प्रथम रहीं। राजेश्वरी देवी द्वितीय और जयपाल सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पर्यावरण प्रेमी शिक्षक धन सिंह ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया। उन्होंने कहा कि धरती को हरा-भरा रखने के लिए यह प्रतियोगिता आयोजित की गई है। इसका उद्देश्य हिमालय संरक्षण के लिए महिलाओं को प्रेरित करना है। इस मौके पर क्षेत्र पंचायत सदस्य माहेश्वरी देवी, सरपंच मातबर सिंह, ग्राम प्रधान जलमी देवी आदि मौजूद थे।