श्रीनगर। राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में शुक्रवार को नैनीताल और देहरादून के बीच मुकाबला होगा। पहले सेमीफाइनल में नैनीताल (38) ने टिहरी (34) को चार अंकों से पराजित किया। दूसरे सेमीफाइनल में देहरादून (32) ने ऊधमसिंह नगर (23) को 9 अंकों से पराजित किया।
बृहस्पतिवार शाम लीग मैच के बाद सेमीफाइनल खेले गए। पहला मैच नैनीताल और ऊधमसिंह नगर के बीच खेला गया। इसमें ऊधमसिंह नगर 2 अंकों से जीता। दूसरा मैच टिहरी और हरिद्वार के बीच खेला गया। इसे टिहरी ने 3 अंकों से जीत लिया। जबकि तीसरे मैच में देहरादून ने रुद्रप्रयाग से 15 अंकों से मैच जीत लिया। वहीं चौथे मैच में नैनीताल ने एचएनबी गढ़वाल विवि श्रीनगर की टीम को बुरी तरह से पछाड़ा। नैनीताल ने 36 अंकों से मैच जीता। पांचवें मैच में टिहरी ने देहरादून को 4 अंकों से हराया। लीग मैच में प्राप्त अंकों के आधार पर नैनीताल, टिहरी, देहरादून और ऊधमसिंह नगर फाइनल में पहुंच गए। पहले सेमीफाइनल में नैनीताल और टिहरी मेें भिड़ंत हुई, जिसमें नैनीताल ने 4 अंकों से जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे सेमीफाइनल में देहरादून और ऊधमसिंह नगर में मुकाबला हुआ। इसमें देहरादून 9 अंकों से मैच जीता। आयोजन के सहप्रभारी हिमांशु नौड़ियाल ने बताया कि शुक्रवार को फाइनल मुकाबला होगा। ब्यूरो