फोटो :-------------
खनन का जायजा लेने डोईवाला पहुंचे जिलाधिकारी
-- व्यवस्थाओं को पुख्ता रखने के लिए वन विकास निगम को दिए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
डोईवाला।
वन विकास निगम के चार नवंबर से डोईवाला परिक्षेत्र की सौंग और जाखन नदियों में शुरू हुए खनन का निरीक्षण करने के लिए मंगलवार को जिलाधिकारी एस मुरूगेशन डोईवाला पहुंचे। यहां उन्होंने विभागीय अधिकारियों को खनन को लेकर सभी व्यवस्थाओं को पुख्ता रखने के लिए के निर्देशित किया। बता दें कि निगम टेंडर प्रक्रिया नहीं होने से अभी आयतन के आधार पर लोगों को खनन सामग्री मुहैया करा रहा है। निगम की कार्यप्रणाली का अवलोकन करने और अवैध खनन को लेकर डीएम ने निगम के अधिकारियों के साथ वार्ता की।
उन्होंने खनन सामग्री को देने की प्रक्रिया को पारदर्शी रखने और राजस्व में बढ़ोतरी करने के अलावा अवैध खनन पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। डीएम ने बताया कि वन विकास निगम की व्यवस्थाओं की जांच के लिए वह डोईवाला पहुंचे। टेंडर प्रक्रिया के बाद कंप्यूटरीकृत कांटों से खनन सामग्री दी जाएगी। इस दौरान उन्होंने निगम के धर्मचूक समेत पांच खनन लाट का मौका मुआयना किया। इस दौरान एडीएम अरविंद पांडे, एसडीएम कुश्म चौहान, वन विकास निगम के डीएलएम इंद्र सिंह नेगी, निगम के लौगिग अधिकारी रामकुमार, शेर सिंह के अलावा काफी संख्या में खनन कारोबारी मौजूद रहे।