अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
रोटरी क्लब रानीपुर की ओर से आयोजित निशुल्क प्लास्टिक सर्जरी शिविर में जर्मनी के डाक्टरों ने मरीजों की जांच के साथ ही उनकी प्लास्टिक सर्जरी की। शिविर में जर्मनी से आए 10 विशेषज्ञ डाक्टरों की अगुवाई में प्लास्टिक सर्जन की टीम मरीजों का इलाज कर रही है।
सोमवार से शुरू किए गए 15 दिवसीय शिविर में ऐसे लोगों का इलाज किया जा रहा है जो कतिपय कारणों से दिव्यांगता के शिकार हो गए हैं लेकिन उनकी आर्थिक स्थिति इतनी मजबूत नहीं हैं कि वे अपना इलाज करा सकें। शिविर के आयोजकों ने बताया कि शिविर में मरीज को एक भी रुपया खर्च नहीं करना पड़ रहा है। पंजीकरण से लेकर आपरेशन, दवाई और खाने- पीने का खर्च रोटरी क्लब और मेला अस्पताल वहन कर रहा है। उल्लेखनीय है कि पिछले नौ साल रोटरी क्लब रानीपुर जर्मनी के डाक्टरों के साथ आठ शिविर लगा चुका हैे जिसमें सात सौ से अधिक मरीजों का इलाज किया जा चुका है। शिविर के पहले दिन 170 मरीजों की जांच की गई, जिसमें से 50 लोगों को आपरेशन के लिए चयनित किया गया। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मंगलवार को 10 मरीजों की सफल सर्जरी की। क्लब अध्यक्ष विशाल गुप्ता ने बताया कि रोटरी क्लब रानीपुर की ओर से यह नौवां शिविर है।