अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
एसएमजेएन पीजी कालेज में सीवर की समस्या से निजात दिलाने के लिए छात्रों ने मेयर कार्यालय पर प्रदर्शन किया। छात्रों की नारेबाजी सुनकर मेयर मनोज गर्ग छात्रों से मिले। मेयर ने अमृत योजना के तहत सीवर लाइन डाल कर निकालने की समुचित व्यवस्था के लिए एक साल का समय मांगा। साथ ही नगर निगम की ओर से गाड़ी भेजकर मैैदान में भरे सीवर को निकलवाया।
न्यू हरिद्वार के बीचोंबीच एसएमजेएन पीजी कालेज में आसपास की कालोनियों के सीवर निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने पर सीधे कालेज के गेट में प्रवेश कर देता है। सीवर के कालेज के मैदान में जमा होने से पूरे परिसर में बदबू के साथ संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बना हुआ है। बदबू रहने से कालेज में पढ़ाई का माहौल बिगड़ रहा है। खेल मैदान का भी उपयोग नहीं हो पा रहा है। समस्याओं को लेकर छात्रसंघ अध्यक्ष गौरव वर्मा के नेतृत्व में सैकड़ों छात्र मेयर के कार्यालय पर पहुंचे। मेयर के नहीं मिलने पर उन्होंने नारेबाजी शुरू कर दी। जिस पर मेयर मनोज गर्ग छात्रों से मिलने पहुंचे। मेयर ने छात्रों को एक साल के अंदर अमृत योजना के तहत सीवरेज लाइन डलवाकर समस्या से मुक्त कराने का आश्वासन दिया। इस मौके पर कादिर अंसारी, सुहैल अख्तर अंसारी शर्मा, अंकित, हरविंदर सिंह, राघव अग्रवाल, ओम प्रकाश चौधरी, सोनिया शर्मा, पार्थ खुराना, शिल्पा मनवाल, अनुराम शर्मा, फरमान सलमानी, अविनाश, आमिर, प्रिंस, नवनीत, अंकुर प्रजापति, धीरज बाली, विशाल आदि शामिल हुए।