श्रीनगर। राज्य आंदोलनकारी ने कोतवाली में तैनात एक महिला एसआई पर कमलेश्वर मंदिर में खड़ा दिया अनुष्ठान के दौरान अभद्रता करने का आरोप लगाया है। राज्य आंदोलनकारियों ने एसडीएम से शिकायत कर इस संबंध में कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
राज्य आंदोलनकारी विक्रम राणा ने कहा कि बैकुंठ चतुर्दशी पर्व के अवसर पर कमलेश्वर मंदिर में खड़ा दिया अनुष्ठान के दौरान वह मदिर में व्यवस्था बनाने का कार्य कर रहे थे। मंदिर में एक स्थान पर जलते दीयों का ढेर लगा था। वह दो मजदूरों को लेकर उक्त स्थान की सफाई के लिए जा रहे थे। इस दौरान वहां तैनात एक महिला दरोगा ने उनके साथ अभद्रता की। विक्रम ने बताया कि वह राज्य आंदोलनकारी कोटे के तहत जीआईसी खिर्सू में मुख्य सहायक के पद पर तैनात हैं। राज्य आंदोलनकारी प्रेमदत्त नौटियाल ने एसडीएम मायादत्त जोशी से शिकायत कर उक्त महिला पुलिस कर्मी पर कार्रवाई किए जाने की मांग की है। वहीं एसडीएम मायादत्त जोशी ने कहा कि राज्य आंदोलनकारी के आरोप की जांच की जाएगी।