श्रीनगर। राजकीय मेडिकल कालेज के प्रभारी प्राचार्य प्रो. सीएमएस रावत पूर्णकालिक प्राचार्य बन गए हैं। उनको राजकीय मेडिकल कालेज हल्द्वानी के कम्युनिटी विभाग के विभागाध्यक्ष के पद से मुक्त कर दिया गया है। बृहस्पतिवार को बैकुंठ चतुर्दशी मेले में पहुंचे मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने स्वयं इसकी पुष्टि की। प्रो. रावत अब तक दोहरी जिम्मेदारी निभा रहे थे। इस पर एमसीआई (भारतीय आयुर्विज्ञान परिषद) ने भी उंगली उठाई थी। फैकल्टी और संसाधनों की कमी से जूझ रहे राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर में वर्षों से कार्यवाहक और अस्थायी प्राचार्य ही जिम्मेदारी संभालते आ रहे थे। शासन ने गत वर्ष जुलाई माह में राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी में कम्युनिटी विभागाध्यक्ष प्रो. सीएमएस रावत को श्रीनगर मेडिकल कालेज की अतिरिक्त जिम्मेदारी देेते हुए उन्हें प्रभारी प्राचार्य बना दिया। तब से प्रो. रावत दोनों जगह कार्यभार देख रहे थे। गत अगस्त माह में श्रीनगर मेडिकल कालेज में पीजी मान्यता के लिए एमसीआई ने निरीक्षण किया था। एमसीआई ने प्रो. रावत के दो-दो जगह काम करने पर आपत्ति लगाई थी। इसके बाद प्राचार्य ने शासन को पत्र भेजते हुए उन्हें एक जगह के भार से मुक्त करने का अनुरोध किया था। बुधवार सुबह जब एमसीआई की टीम अचानक दोबारा से निरीक्षण के लिए पहुंची, तो आनन-फानन में शासन ने प्रो. रावत को हल्द्वानी से स्थानांतरित करते हुए उन्हें श्रीनगर मेडिकल कालेज का पूर्णकालिक प्राचार्य बनाने के आदेश जारी कर दिए।