गोपेश्वर। अब सोनला गांव के ग्रामीणों को अपने गंतव्य तक जाने के लिए लंबी दूरी पैदल नहीं नापनी पड़ेगी। शासन से सोनला गांव के लिए सड़क निर्माण की स्वीकृति मिल गई है। करीब दो करोड़ की लागत से गोपेश्वर-पोखरी मोटर मार्ग पर ट्यारी बैंड से सोनला गांव के लिए 1.72 किलोमीटर सड़क का निर्माण होगा। बृहस्पतिवार को सड़क निर्माण के लिए भूमि का पूजन किया गया।
बरसात में पोखरी मार्ग बंद होने से ग्रामीणों को गंतव्य तक जाने के लिए मीलों दूरी पैदल नापनी पड़ती है। सड़क के लिए ब्लॉक प्रमुख प्रमिला सजवाण और अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने लंबे समय तक संघर्ष किया था। बीते 23 अक्तूबर को शासन ने सड़क निर्माण की स्वीकृति दी। इसके लिए धनराशि भी आरईएस को मिल गई है। बृहस्पतिवार को ट्यारी बैंड के समीप सड़क निर्माण के लिए भूमि पूजन हुआ। ब्लॉक प्रमुख प्रमिला सजवाण ने बताया कि एक सप्ताह में सड़क निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। छह माह में सड़क की हिल कटिंग का कार्य पूरा हो जाएगा। इस मौके पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख नंदन सिंह बिष्ट, अरविंद रावत, क्षेत्र पंचायत सदस्य सरिता देवी, अंजना असवाल, देवेंद्र सजवाण, मदन सिंह और आरईएस के एई एलपी भट्ट आदि मौजूद थे।