गोपेश्वर। उत्तराखंड उदय के तहत गोपेश्वर बाल भवन में अमर उजाला की ओर से सपनों का उत्तराखंड विषय पर पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इस मौके पर नन्हें हाथों ने सपनों के उत्तराखंड को कैनवास पर उकेरा।
बच्चों ने पेंटिंग के माध्यम से वृहद पौधरोपण और लद्यु उद्योगों को बढ़ावा देने का आह्वान किया। 13 वर्षीय हर्षिता ने पेंटिंग में साफ-सफाई की व्यवस्था और 12 वर्षीय अभिषेक ने नदियों पर छोटी-छोटी जल विद्युत परियोजनाओं को उकेरा। बाल भवन के निदेशक विनोद रावत ने कहा कि राज्य निर्माण के लिए कई लोगों ने अपनी शहादत दी थी। पृथक राज्य स्थापना के पीछे मकसद विकास के पिछड़ेपन को दूर करने, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार की समस्या दूर करने और उत्तराखंड के पर्यटन को अलग पहचान दिलाया जाना था। अमर उजाला की ओर से राज्य स्थापना पर किए जा रहे कार्य सराहनीय हैं। बाल भवन के निदेशक विनोद रावत और उत्तराखंड पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्य अरुणा रावत के नेतृत्व में प्रतियोगिता हुई। इस मौके पर शिक्षक रेखा रावत, विमला बिष्ट, अनीता असवाल, हिम्मत सिंह और सरला पुरोहित आदि मौजूद थे।