घाट (चमोली)। घाट-भेंटी मोटर मार्ग पर एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें एक शिक्षक व एएनएम गंभीर रूप से घायल हो गए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घाट के चिकित्सकों ने दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।
सोमवार सुबह करीब आठ बजे टीका प्रसाद सेमवाल, पोखरी निवासी अपनी आल्टो कार से विद्यालय जूनियर हाईस्कूल भेंटी जा रहे थे, जबकि सीएचसी घाट में तैनात रूबी त्यागी बहादराबाद निवासी टीका प्रसाद के साथ उनकी गाड़ी में मिजल्स-रुबेला टीकाकरण के लिए भेंटी गांव जा रही थीं। सुबह नौ बजे ऐनुली गाड़ स्थान पर कार अनियंत्रित होकर करीब सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरी, जिसमें दोनों गंभीर घायल हो गए। आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और हादसे की सूचना पुलिस और 108 को दी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने 108 सेवा की मदद से दोनों घायलों को सीएचसी घाट में भर्ती करा दिया। उपचार के बाद घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।