श्रीनगर। संयुक्त अस्पताल श्रीनगर में चिकित्सकों की नियुक्ति, एनआईटी के स्थायी कैंपस का शीघ्र निर्माण और शुद्ध पानी की आपूर्ति की मांग के लिए आंदोलनरत प्रगतिशील जनमंच मुख्यमंत्री के विरोध के फैसले पर अडिग है। भाजपा पदाधिकारियों ने आंदोलनकारियों से वार्ता कर उनकी समस्याओं पर गौर करने का आश्वासन दिया, लेकिन आंदोलनकारी नहीं माने।
मंच ने 2 नवंबर को बैकुंठ चतुर्दशी मेले का उद्घाटन पहुंच रहे सीएम का विरोध करने का ऐलान किया है। पिछले 138 दिन से धरना दे रहे प्रजम सरकार के साथ आर-पार के मूड मेे है। सोमवार को प्रजम के प्रतिनिधिमंडल ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि अगर सरकार कल ही अस्पताल में चिकित्सकों की नियुक्ति कर देती है, तो वह विरोध करने के बजाय मुख्यमंत्री का स्वागत करेंगे। कहा कि आंदोलनकारी काले झंडे, काफिला रोकने और नारेबाजी जैसे कदम उठाएंगे। प्रेसवार्ता में प्रजम के अध्यक्ष अनिल स्वामी, जेपी पुरी, आरएस शुक्ला, लिवभोर बहुगुणा, झाबर सिंह रावत, चंद्रमोहन बहुगुणा और सुधाकर भट्ट आदि मौजूद थे। वहीं भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष जितेंद्र रावत ने बताया कि संयुक्त अस्पताल में चिकित्सकों की नियुक्ति के लिए डीएम से वार्ता हुई है। जबकि बदरीनाथ हाईवे के किनारे गड्ढों को भरने के लिए लोनिवि एनएच खंड के ईई से बात हुई है। उन्होंने मंगलवार से उक्त काम करने की सहमति दी है।