श्रीनगर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी जगत राम जोशी ने विद्यालयों में कर्मचारियों के सत्यापन कराने, सीसीटीवी कैमरा लगाने और छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग शौचालय बनाने के निर्देश दिए हैं।
शनिवार को कोतवाली परिसर में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सरकारी और गैर सरकारी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों व प्रबंधकों की मीटिंग ली। इस अवसर पर पर उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सभी का दायित्व है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होने चाहिए। अपर शिक्षा निदेशक एसपी खाली ने बताया कि विभाग की ओर से प्रत्येक विद्यालय में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही स्कूल बसों में क्षमता से अधिक बच्चे न बैठाने की हिदायत दी गई है। प्रधानाचार्यों ने स्कूल की छुट्टी के दौरान स्कूल मार्गों पर वाहनों की आवाजाही रोकने और सड़कों पर स्कूलों के समीप स्पीड ब्रेकर लगाए जाने का सुझाव दिया। ब्यूरो