अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
दिव्य प्रेम सेवा मिशन हरिद्वार की ओर से संचालित वंदेमातरम कुंज परिसर गंगा भोगपुर तल्ला में 25 किलोवाट के सौर ऊर्जा संयंत्र का लोकार्पण केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री शिवप्रताप शुक्ल ने किया। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा संयंत्र से प्रदेशवासियों को कम खर्चे पर बिजली उपलब्ध होगी।
एसएसआर मेडिकल कालेज मॉरीशस के चेयरमैन आरपीएन सिंह के सहयोग से निर्मित 25 किलोवाट के सौर ऊर्जा संयंत्र के लोकार्पण अवसर पर मुख्य अतिथि दिव्य प्रेम सेवा मिशन के मार्गदर्शक सदस्य केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री शिव प्रताप शुक्ल ने कहा कि आत्म सुख हिमालय की साधना में ही नहीं बल्कि निर्धन, असहायों एवं पीड़ितों की सेवा से मिलता है। उन्होंने सेवा मिशन के कबड्डी में नेशनल चैंपियन खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए कहा कि आज सेवा मिशन के बच्चे देश के महान नागरिक बनने की ओर बढ़ चुके हैं। ये बच्चे सामाजिक सहयोग से पल बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यों में वह लोग ही सहयोग करते हैं जिनकी संवेदनाएं जिंदा हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेम शुक्ला ने कहा कि दिव्य प्रेम सेवा मिशन से राष्ट्र निर्माण का कार्य हो रहा है। मिशन को अब राष्ट्रव्यापी कार्य करने की जरूरत है। आचार्य शांतनु महाराज ने कहा कि जो मनुष्य जीवन की सार्थकता को सिद्ध करे, वही मानव जीवन श्रेष्ठ है।
महामंडलेश्वर स्वामी उमाकांता नंद महाराज ने कहा कि यह संसार ईश्वर का बगीचा है और सृष्टि ईश्वर का विस्तार है। उन्होंने कहा कि जब व्यक्ति की संवेदनशीलता विस्तारित होती है तो वह श्रद्धावान बन जाता है। जब संवेदना सक्रिय होती है तो वह व्यक्ति को योगी बना देती है। कार्यक्रम में हंस कल्चरल फाउंडेशन के समन्वयक सत्यपाल सिंह नेगी ने भी विचार व्यक्त किए। संचालन करते हुए सेवा मिशन के संयोजक संजय चतुर्वेदी ने कहा कि इस क्षेत्र का यह सबसे बड़ा सौर ऊर्जा संयंत्र है। वंदेमातरम कुंज में खपत के बाद शेष बिजली उत्तराखंड ऊर्जा निगम को दी जाएगी। इस मौके पर सेवा मिशन के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए एवं अतिथियों को मिशन का प्रतीक चिह्न भेंट किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधान सभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने की। इस अवसर पर ज्ञान सिंह नेगी, विवेक द्विवेदी, डा. विजय पाल सिंह, आलोक शर्मा, अनिरुद्ध भाटी, कृष्णकुमार सिंघल, डा. जितेंद्र सिंह, विश्वास शर्मा,प्रशांत खरे, बालकृष्ण शास्त्री, गगन यादव, प्रदीप शर्मा, अशोक पाल,सुशांत पाल, प्रेम गुप्ता, श्रवण कुमार, चंद्रमणि शुक्ला, कमल कुमार, सतीश शास्त्री, सुनील अनेजा, अशोक गुप्ता, विनीत जौली, आशीष शुक्ला आदि उपस्थित रहे।