गोपेश्वर। जिलाधिकारी आशीष जोशी ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण के तहत परीक्षा की तैयारियों को लेकर बैठक की।
डीएम ने बताया कि सभी सरकारी विद्यालयों में पढ़ रहे छात्र-छात्राओं के पढ़ाई के स्तर का मूल्यांकन करने के लिए राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) की ओर से 13 नवंबर को राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण (एनएएस) का आयोजन होगा। इसके तहत तीसरी, पांचवीं और आठवीं के विद्यार्थियों की परीक्षा होगी। उन्होंने कहा कि इस सर्वेक्षण का उद्देश्य प्राथमिक शिक्षा के तहत छात्र-छात्राओं के मूल्यांकन से लेकर अब तक ली गई शिक्षा की जानकारी हासिल करना है। डीएम ने मुख्य शिक्षा अधिकारी एलएम चमोला को परीक्षा तैयारी के निर्देश दिए।
सीईओ चमोला ने कहा कि राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण के लिए पहले चरण में जिले में 173 विद्यालयों का चयन किया गया है, जिसमें कक्षा तीन एवं पांच के 61-61 तथा कक्षा आठ के 51 विद्यालय शामिल हैं। इस मौके पर सीडीओ विनोद गोस्वामी, डायट के प्राचार्य कुंवर सिंह, डीईओ आशुतोष भंडारी और नरेश हल्दिया आदि मौजूद थे।