अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
एचएनबी गढ़वाल विवि की ओर से विभिन्न सेमेस्टर परीक्षाओं के आवेदन पत्र वेबसाइट पर डाउनलोड कर दिए गए हैं। छात्र-छात्राएं परीक्षा के लिए अपने आवेदन ऑनलाइन भर सकते है। ऑनलाइन आवेदन करने के बाद हार्ड कॉपी 31 अक्तूबर तक कालेज में जमा करानी होगी।
एसएमजेएन कालेज के प्राचार्य डा. सुनील कुमार बत्रा ने बताया कि हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय की सीबीसीएस प्रणाली के अंतर्गत बीए, बीकॉम तथा बीएससी प्रथम, तृतीय व पंचम सेमेस्टर व एमए तथा एमकॉम प्रथम व तृतीय सेमेस्टर के मुख्य परीक्षा के आवेदन पत्र विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर लॉगइन करके भरे जाएंगेे। प्रथम सेमेस्टर व जिन छात्र-छात्राओं का विश्वविद्यालय में अभी तक नामांकन नहीं हुआ है, उनके लिए आवेदन पत्र भी ऑनलाइन भरना अनिवार्य है। छात्र-छात्राओं द्वारा ऑनलाइन आवेदन पत्र की हार्ड कापी महाविद्यालय में 31 अक्तूबर तक जमा करानी होगी। बताया कि आवेदन पत्र के साथ कालेज का परिचय पत्र, अंकतालिका, फीस की रसीद संलग्न करनी अनिवार्य है। निर्धरित तिथि के बाद ऑनलाइन आवेदन भरने पर एक हजार रुपये का विलंब शुल्क अलग से देना होगा। डा. बत्रा ने बताया कि सर्वप्रथम छात्र अपना परीक्षा आवेदन-पत्र ऑनलाइन भरेंगे।
महाविद्यालय के स्वीकृत के बाद ही छात्र अपना प्रवेश-पत्र एवं नामांकन आवेदन-पत्र डाउनलोड कर सकता है। साथ ही बीए, बीकॉम तथा बीएससी प्रथम, तृतीय व पंचम सेमेस्टर व एमए तथा एमकॉम प्रथम व तृतीय सेमेस्टर के बैक पेपर परीक्षा आवेदन-पत्र जमा करने वाले छात्र-छात्राओं को विश्वविद्यालय की ओर से निर्धरित बैक पेपर परीक्षा शुल्क भी ऑनलाइन महाविद्यालय में जमा कराना होगा।