श्रीनगर। गढ़वाल विवि से वर्ष 2017-18 में पीएचडी करने वाले नॉन नेट पीएचडी शोध छात्रों के लिए राहत भरी खबर है। विवि अनुदान आयोग (यूजीसी) ने गढ़वाल विवि को सत्र 2017-18 के लिए पीएचडी स्कॉलर के लिए पांच करोड़ की स्वीकृति प्रदान की है। वर्ष 2017-18 में पीएचडी प्रवेश परीक्षा के माध्यम से पीएचडी में प्रवेश लेने वाले शोधार्थी भी इस दायरे में आएंगे।
गढ़वाल केंद्रीय विवि से पीएचडी करने वाले नॉन नेट शोधार्थियों को फेलोशिप मिलने को लेकर असमंजस की स्थिति बनी थी। हाल ही में विवि में पीएचडी में प्रवेश के लिए साक्षात्कार की प्रक्रिया भी हुई और इसके परिणाम आने अभी शेष हैं। साक्षात्कार में सफल रहने वाले छात्रों को यूजीसी से स्कॉलरशिप के लिए बजट की स्वीकृति मिलने से बड़ी राहत मिलने वाली है। विवि के वित्त अधिकारी डा. पदमाकर मिश्रा ने बताया कि यूजीसी से वर्ष 2017-18 के लिए पांच करोड़ की नॉन नेट फेलोशिप की स्वीकृति मिल गई है। इस बजट से वर्तमान शोधार्थियों व नए प्रवेशार्थियों को स्कॉलरशिप दी जाएगी।