कर्णप्रयाग। राज्य स्थापना दिवस नौ नवंबर से नंदासैंण में शुरू होने वाले चार दिवसीय पर्यावरण संवर्धन एवं विकास मेले में स्थानीय संस्कृति से जुड़े कार्यक्रमों को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही मेला आयोजन के लिए यहां 8 लाख की लागत से मेला मंच का निर्माण किया जाएगा।
मेला समिति के अध्यक्ष विनोद नेगी की अध्यक्षता में हुई बैठक में विधायक सुरेंद्र सिंह नेगी ने मेले को भव्य स्वरूप देने के लिए शासन से 2.5 लाख रुपये का अनुदान और विधायक निधि से मेला मंच के लिए 8 लाख रुपये देने की घोषणा की। विधायक नेगी ने कहा कि मेले में संस्कृति विभाग से दो सांस्कृतिक टीमें प्रस्तुतियां देंगी। मेला समिति के अध्यक्ष विनोद नेगी ने बताया कि वॉर मेमोरियल शताब्दी वर्ष समारोह को समर्पित इस मेले में शिक्षा, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, पशुपालन, वन विभाग, डेरी आदि विभागों के स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को कई जानकारियां दी जाएंगी। क्षेत्र के स्कूलों, महिला और युवक मंगल दलों की ओर से सांस्कृतिक और खेलकूद प्रतियोगिताएं होंगी। अरुण मैठाणी के संचालन में हुई बैठक में भुवन नौटियाल, गबर सिंह रावत, जगदीश प्रसाद मलेठा, अवतार सिंह भंडारी, केदार दत्त नैथानी, कलम कोहली, हर्षवर्द्धन नौटियाल, गायत्री देवी, लक्ष्मी रावत और हेमा पंवार आदि ने विचार व्यक्त किए।